एनई-सैक उपयोगकर्ता सहभागिता बैठक 2026 (एनईयूआईएम-2026)
होम /एनई-सैक उपयोगकर्ता सहभागिता बैठक 2026 (एनईयूआईएम-2026)

अक्तूबर 06, 2026

एनई-सैक उपयोगकर्ता सहभागिता बैठक (एनईयूआईएम -2026) का चौथा संस्करण 24–25 सितंबर 2026 के दौरान एनई-सैक सभागार में आयोजित किया गया। इस बैठक का प्रमुख उद्देश्य सहयोग, नवाचार एवं ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देते हुए, अंतरिक्ष, भू-स्थानिक, जियोएआई, डिजिटल ट्विन्स तथा उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में हुई प्रगति और उनके अनुप्रयोगों को प्रदर्शित करना था तथा अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकी विकास के लिए उभरती उपयोगकर्ता आवश्यकताओं और अवसरों की पहचान करना था।

उद्घाटन सत्र को डॉ. एस. पी. अग्रवाल, निदेशक, एनई-सैक तथा सम्मानित अतिथि- श्री पी. एल. एन. राजू, विशेष सचिव, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, असम सरकार; श्री एम. गणेश पिल्लै, वैज्ञानिक सचिव, इसरो (ऑनलाइन); तथा डॉ. प्रकाश चौहान, निदेशक, एनआरएससी (ऑनलाइन)- ने संबोधित किया। मुख्य अतिथि श्री सतींदर कुमार भल्ला, आईटीएस, सचिव, पूर्वोत्तर परिषद (एनईसी) ने औपचारिक रूप से बैठक का उद्घाटन किया। गणमान्य व्यक्तियों ने क्षेत्रीय विकास संबंधी चुनौतियों के समाधान में अंतरिक्ष एवं भू-स्थानिक प्रौद्योगिकियों की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र के सतत विकास के लिए विभिन्न हितधारकों के बीच अधिक सहयोग एवं समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया।

दो दिवसीय इस बैठक में 277 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 119 राज्य एवं केंद्र सरकार के विभागों/एजेंसियों, 26 शैक्षणिक संस्थानों तथा 35 उद्योगों/स्टार्ट-अप्स के प्रतिनिधि शामिल थे। कार्यक्रम में पाँच तकनीकी सत्र तथा एक समापन सत्र आयोजित किए गए। इनमें एनई-सैक /इसरो, सरकार, शिक्षाविदों तथा उद्योग जगत से जुड़े 38 वक्ताओं ने अंतरिक्ष, भू-स्थानिक एवं संबद्ध प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में उभरते अनुप्रयोगों और अवसरों पर अपने विचार एवं अनुभव साझा किए। एक तकनीकी सत्र विशेष रूप से स्टार्ट-अप्स एवं उद्योग के लिए समर्पित था, जिसमें नवोन्मेषी समाधानों को प्रदर्शित करने तथा संभावित सहयोग के अवसरों का पता लगाने के लिए मंच प्रदान किया गया। समापन कार्यक्रम में तकनीकी विशेषज्ञों तथा जिला प्रशासन के प्रतिनिधियों के साथ एक पैनल चर्चा आयोजित की गई, जिसका संचालन डॉ. एस. पी. अग्रवाल, निदेशक, एनई-सैक ने किया।

इस बैठक से उपयोगकर्ताओं के साथ सहभागिता, अनुभवों के आदान-प्रदान तथा उभरती आवश्यकताओं की पहचान को और सुदृढ़ करने में मदद मिली। साथ ही, इसने एनई-सैक, उपयोगकर्ता विभागों, शिक्षाविदों, उद्योग तथा स्टार्ट-अप्स के बीच समन्वय एवं संपर्क को और मजबूत किया।

एनई-सैक उपयोगकर्ता सहभागिता बैठक 2026 (एनईयूआईएम-2026)

उद्घाटन सत्र

एनई-सैक उपयोगकर्ता सहभागिता बैठक 2026 (एनईयूआईएम-2026)

प्रतिभागियों के साथ सामूहिक फोटो